
नागपुर. राष्ट्रीय अपंग कल्याण संस्था (नॉफ), नागपुर जो कि 1984 से दिव्यांग (अंध, कर्णबधिर, अपंग, और मतिमंद) व्यक्तियों के शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास में कार्यरत है, आगामी 28 और 29 दिसंबर को विदर्भ स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन संस्था के कर्णबधिर विद्यालय, सोनेगांव, नागपुर के प्रांगण में होगा।
इस अवसर पर अंध व्यक्तियों के लिए विदर्भ स्तरीय बुद्धिबल स्पर्धा, कर्णबधिरों के लिए कैरम और बुद्धिबल स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री माननीय देवेंद्र फडणवीस द्वारा किया जाएगा, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद डॉ. अनिल बोंडे उपस्थित रहेंगे।
इन स्पर्धाओं का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
संस्था के कर्णबधिर विद्यालय के विद्यार्थियों ने कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्रों ने नागपुर जिला क्रिकेट स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल किया है और राष्ट्रीय नृत्य स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
संस्था ने विदर्भ स्तरीय स्पर्धाओं के आयोजन और कर्णबधिर विद्यालय के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए जनता, सामाजिक संस्थाओं और दानदाताओं से आर्थिक सहयोग की अपील की है। संस्था के महासचिव ने कहा कि रु. 10,000 या उससे अधिक की दान राशि देने वालों का नाम विद्यालय के दानदाता फलक पर अंकित किया जाएगा। इस पुण्य कार्य में सहयोग के लिए संस्था के महासचिव या अन्य पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।