
नागपुर. मध्य रेल के नागपुर मंडल ने अपने ट्रेन संचालन की संरक्षा और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस दिशा में नागपुर, बल्लारशाह और आमला में स्थित क्रू बुकिंग लॉबी का 24×7 संचालन एक अहम पहल है, जो निर्बाध ट्रेन सेवाओं को बनाए रखने में सहायक है। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट जैसे ट्रेन क्रू का कार्य चुनौतीपूर्ण होता है, जिसमें अनियमित कार्य समय और जिम्मेदारियाँ शामिल होती हैं। रेलवे यह सुनिश्चित करता है कि क्रू को केवल तब ड्यूटी के लिए बुक किया जाए जब उन्होंने पर्याप्त आराम किया हो और सभी संरक्षा प्रशिक्षण व आवश्यकताओं को पूरा किया हो।
पारदर्शी क्रू प्रबंधन प्रणाली (CMS) के माध्यम से नागपुर मंडल में क्रू की बुकिंग की जाती है। यह प्रणाली यह सुनिश्चित करती है कि:
क्रू ने पिछले ट्रिप के बाद पर्याप्त आराम किया हो।
उनके पास मार्ग का रोड लर्निंग हो।
उनका आवधिक विश्राम या चिकित्सा परीक्षण पूरा हुआ हो।
सभी तकनीकी और संरक्षा प्रशिक्षण पूर्ण किया हो।
किसी क्रू को शराब के प्रभाव में होने पर बुकिंग से रोका जाए।
क्रू के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं में शामिल हैं:
वातानुकूलित लॉबी और अतिरिक्त विश्राम कक्ष।
इंटरैक्टिव टच-आधारित कंसोल और सिम्युलेटर-आधारित कार्य मॉडल।
आरओ पेयजल और अलग-अलग शौचालय सुविधाएं।
नागपुर मंडल अपने क्रू को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे ट्रेन सेवाओं की सुचारू संचालन सुनिश्चित होती है। इन क्रू बुकिंग लॉबी का चौबीसों घंटे संचालन मंडल की संरक्षा और दक्षता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
