नागपुर. रविवार की पावन सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से क्षेत्र आदासा का वातावरण भक्तिमय हो गया। यह अवसर था केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से आयोजित सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ का। नागपुर जिले से आए श्रद्धालु अत्यंत उत्साह के साथ इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। ना. गडकरी, उनकी पत्नी सौ. कांचनताई गडकरी एवं पूरे परिवार ने श्रद्धालुओं के साथ सामूहिक रूप से अथर्वशीर्ष का पाठ किया। क्षेत्र आदासा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर का प्राकृतिक वातावरण अथर्वशीर्ष के पाठ से गुंजायमान हो उठा। रविवार (2 मार्च) को हुए इस कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं ने अनोखा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान 21 आवर्तन (पाठ) किए गए। इस आयोजन में राज्य मंत्री आशीष जयस्वाल, सांसद श्यामकुमार बर्वे, विधायक डॉ. आशीष देशमुख, डॉ. राजीव पोतदार, रमेश मानकर, आदासा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राठौड़ एवं सचिव जयंत मुलमुले सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं ने सुबह से ही मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू कर दिया था। नागपुर जिले के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु सुबह-सुबह आदासा के लिए रवाना हुए। बसों और निजी वाहनों से श्रद्धालु सहपरिवार इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे। नागपुर शहर से विशेष बसें सुबह 5 बजे आदासा के लिए रवाना हुईं, जिससे पूरे शहर में सुबह से ही भक्ति का माहौल बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘प्रणम्य शिरसा देवं’ और महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र से हुई। इसके बाद शंखनाद के साथ अथर्वशीर्ष पाठन आरंभ हुआ। मंच से शंतनु बुटी, सचिन काली, कौस्तुभ पेंडके, राम पांडे और चिन्मय बुटी ने मंत्रोच्चार एवं पाठ का नेतृत्व किया। पाठ के दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो गया। इस दौरान ना. नितिन गडकरी के पूरे परिवार की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम का सूत्रसंचालन रेणुका देशकर ने किया। इस विशेष आयोजन के लिए नागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से 4,500 से अधिक श्रद्धालु स्वयं के खर्च पर आदासा पहुंचे। ना. गडकरी के एक आह्वान पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे यह आयोजन एक ऐतिहासिक भक्तिमय समागम बन गया।
अजय देवगन की फिल्म पहले ही दिन बनी तूफान, मिली ‘जाट’ से डबल ओपनिंग
“Latest news and updates on politics, sports, entertainment, technology, and more. Stay informed with breaking news and in-depth articles.”