नागपुर. शहर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘नई सोच डायल 112’ नामक एक शॉर्ट फिल्म रिलीज की। इस फिल्म के माध्यम से नागरिकों को “डायल 112” राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। डायल 112 सेवा वर्ष 2019 से पूरे भारत में सक्रिय है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए सरकार ने यह सुविधा उपलब्ध कराई है। हालांकि, अभी भी कई लोगों को 112 की तुलना में 100 नंबर अधिक परिचित है। इसी जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से नागपुर पुलिस ने यह शॉर्ट फिल्म बनाई है। इस फिल्म की परिकल्पना नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने की, जबकि अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) संजय पाटिल के मार्गदर्शन में फिल्म का निर्माण किया गया। 6 मार्च 2025 को दोपहर 12:30 बजे, नागपुर पुलिस भवन के ऑडिटोरियम हॉल में इस शॉर्ट फिल्म का भव्य लोकार्पण किया गया। उद्घाटन पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल के हाथों संपन्न हुआ। इस मौके पर नागपुर शहर के 33 पुलिस स्टेशनों की 150 महिला पुलिस अधिकारी, ‘पुलिस दीदी’ कार्यक्रम से जुड़ी महिलाएं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ‘नई सोच 112’ शॉर्ट फिल्म महिला सुरक्षा पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक महिला ने टैक्सी में सफर के दौरान सतर्कता बरतते हुए ‘डायल 112’ का उपयोग कर खुद को असामाजिक तत्वों से बचाया। इस फिल्म का मुख्य संदेश महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें किसी भी संकट का साहस और जागरूकता के साथ सामना करने के लिए प्रेरित करना है। इस शॉर्ट फिल्म के निर्देशक निखिल शिरभाते हैं, जिन्होंने इसे बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है। निर्माता सतीश मोहोड ने निर्माण कार्य संभाला, जबकि मुख्य भूमिका में मोहना रामटेके नजर आईं, जिनके बेहतरीन अभिनय ने फिल्म को और भी प्रभावी बनाया। अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने पूरी टीम की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे ‘डायल 112’ हेल्पलाइन के महत्व को समझें और समाज में इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। इस अवसर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त निसार तांबोळी, अपर पुलिस आयुक्त संजय पाटिल, शिवाजी राठौड़, प्रमोद शेवाळे, पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी, मेहक स्वामी, श्वेता खेडकर, अश्विनी पाटिल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। ‘नई सोच 112’ के माध्यम से नागपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिया है। यह शॉर्ट फिल्म महिला सुरक्षा, पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और जागरूक नागरिकों की भूमिका को उजागर करती है। नागपुर पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे डायल 112 के महत्व को समझें और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
अजय देवगन की फिल्म पहले ही दिन बनी तूफान, मिली ‘जाट’ से डबल ओपनिंग
“Latest news and updates on politics, sports, entertainment, technology, and more. Stay informed with breaking news and in-depth articles.”