
नई दिल्ली. भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से देश शोकाकुल है। उनके परिवार और असंख्य प्रियजनों के प्रति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। संघ ने एक शोक संदेश में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने सामान्य पृष्ठभूमि से आकर भारत के सर्वोच्च पद पर आसीन होकर देश की सेवा की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान भारतीय राजनीति और अर्थशास्त्र में अनमोल रहेगा। उन्होंने कहा, “डॉ. सिंह का भारत के प्रति योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति मिले।” संघ ने इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना की।