
Desk News. अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने डेढ़ महीने में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से दूसरी बार मुलाकात कर चर्चा की है। इस मुलाकात से तोगड़िया के घर वापसी की चर्चाएं शुरू हो गई है। हालांकि इसे हिंदुत्व के कार्य में तोगड़िया के अनुभव का उपयोग और कुछ मुद्दों पर साथ काम करने के लिए प्रयोजन होने की जानकारी दी गई है। इससे पहले तोगड़िया ने 13 अक्टूबर 2024 को सरसंघचालक भागवत से मुलाकात की थी। सोमवार को दोनों में लगभग आधे घंटे चर्चा होने की जानकारी है।
हिंदुत्व के लिए सभी को एक साथ आना चाहिए, यह मोहन भागवत और तोगड़िया दोनों की भूमिका रही है। कुछ मुद्दों पर तोगड़िया और संघ के मतभेद है। फिलहाल आगामी महाकुंभ में संघ और तोगड़िया साथ काम कर सकते हैं।
इसे लेकर भी यह बैठक हो सकती है। तोगड़िया भले विश्व हिंदू परिषद से बाहर हो गए हैं, लेकिन नया संगठन बनाने के बाद भी वे हिंदुत्व के लिए काम कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात में कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है, लेकिन दुनिया की राजनीतिक परिस्थिति और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अन्याय के विषय पर चर्चा होने की जानकारी है।