
दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान, तेलंगाना और झारखंड समेत 9 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया है। हरिभाऊ बागड़े बीजेपी के अनुभवी और वफादार नेता के तौर पर जाने जाते हैं।
हरिभाऊ बागड़े का जन्म 17 अगस्त 1945 को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में फुलम्ब्री गांव में हुआ था। मराठा परिवार में जन्मे हरिभाऊ राज्य के एक महत्वपूर्ण नेता बन गए। उनकी शिक्षा सरस्वती भवन स्कूल से हुई, जहां उन्होंने 10वीं तक पढ़ाई की। महज 13 साल की उम्र में वे RSS से जुड़ गए थे। हरिभाऊ बागड़े का राजनीतिक सफर 1985 में शुरू हुआ, जब वे पहली बार औरंगाबाद पूर्व विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर चुने गए थे। उन्होंने लगातार पांच बार औरंगाबाद पूर्व विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। बचपन में गरीबी में पले-बढ़े हरिभाऊ ने परिवार की मदद के लिए अखबार भी बेचे। उनके पिता एक किसान थे इसी लिए हरिभाऊ को भी किसानी में रूचि थी। उन्होंने अपने घर का नाम भी ‘कृषि योग’ रखा है। राष्ट्रपति द्वारा राज्यपाल पद पर उनकी नियुक्ति से हरिभाऊ बागड़े का लंबा और संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर अब गवर्नर पद तक पहुंच गया है।