
Desk News. कश्मीर, जिसे भारत की स्वर्गभूमि कहा जाता है, वहां हाल ही में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले के बाद भारत ने सख्त कदम उठाते हुए कड़ा जवाब दिया। भारतीय सरकार ने पांच बड़े फैसले लेते हुए पाकिस्तान के नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए और 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने के आदेश जारी किए। इस आदेश के बाद सामने आया है कि भारत में कई पाकिस्तानी नागरिक लंबे समय से रह रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली जानकारी नागपुर से सामने आई है, जहां 2200 से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों की मौजूदगी का खुलासा हुआ है। यह सभी नागरिक उत्तर नागपुर क्षेत्र में रह रहे हैं, ऐसी जानकारी नागपुर पुलिस ने दी है। अब यह जांच की जा रही है कि ये लोग वीजा की अवधि खत्म होने के बावजूद नागपुर में क्यों रह रहे हैं? वे यहां किस उद्देश्य से रह रहे हैं? नागपुर पुलिस ने इसकी गहराई से जांच शुरू कर दी है। इतनी बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिकों की मौजूदगी से नागपुर में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सरकार के सख्त रुख के बाद पाकिस्तान में भी घबराहट का माहौल है।