
नागपुर. सावनेर-कलमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विकास की लहर लाने का वादा करते हुए भाजपा प्रत्याशी डॉ. आशीषराव देशमुख ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाराष्ट्र सरकार की “लाडकी बहन” योजना और किसानों के लिए “बिजली बिल माफी” योजना का विरोध कर, महिलाओं और किसानों के प्रति कांग्रेस की नकारात्मक सोच का परिचय दिया है। देशमुख ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सुनील केदार के करीबी ने भी हाई कोर्ट में जाकर इस योजना का विरोध किया। डॉ. देशमुख ने कांग्रेस के पूर्व विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सावनेर-कलमेश्वर क्षेत्र में रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में कुछ भी ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए यहां कॉलेज तक की सुविधा नहीं है, जिससे युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। वहीं भाजपा-शिवसेना महायुती सरकार ने लड़कियों के लिए मुफ्त उच्च शिक्षा योजना लागू की है। भाजपा ने क्षेत्र के विकास के लिए लखपति दीदी योजना, मुफ्त तीन गैस सिलेंडर और एसटी यात्रा में 50% छूट जैसी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व विधायक ने 30 वर्षों में सिर्फ अवैध धंधों और गुंडागर्दी को बढ़ावा दिया है। नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक में 153 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए, देशमुख ने कहा कि इससे किसानों का भविष्य बर्बाद हुआ है। जनसंवाद दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजीव पोद्दार और कई अन्य नेताओं ने डॉ. देशमुख का समर्थन करते हुए जनता से उन्हें विजयी बनाने की अपील की।