
नागपुर. नागपुर शहर के सैकड़ों भजन मंडलों के माध्यम से शहर में आध्यात्मिक माहौल का निर्माण हो रहा है। इसके जरिए नई पीढ़ी में अच्छे संस्कार रोपित करने का महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। यह बात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज नागपुर में व्यक्त की। मंगलवार (24 दिसंबर) को नागपुर के 350 से अधिक भजन मंडलों को गडकरी के हाथों भजन सामग्री (तबला, हार्मोनियम और मंजीरे) वितरित की गई। ईश्वर देशमुख कॉलेज के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक कृष्णा खोपड़े, जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर, सांसद सांस्कृतिक महोत्सव समिति के राजेश बागड़ी, गौरीशंकर पाराशर, दीपक खिरवाडकर, प्रमोद पेंडके, बाल कुलकर्णी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। गडकरी ने कहा कि शहर में आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से नागपुर के भजन मंडलों को सामग्री वितरित की जा रही है। इससे शहर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल नई पीढ़ी में आध्यात्मिक परंपरा के प्रति रुचि बढ़ाने का काम करेगी।उन्होंने कहा, “सांस्कृतिक महोत्सव के तहत भक्ति महोत्सव का आयोजन किया गया है, जिसमें अधिक से अधिक नागपुरवासियों को शामिल किया गया। इसके अलावा सांसद भजन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाती है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में हमारी आध्यात्मिक परंपरा के प्रति प्रेम बढ़ाना है। सामग्री मिलने से भजन मंडलों में उत्साह बढ़ेगा और भजन के माध्यम से उनके जीवन में आनंद आएगा।” कार्यक्रम के दौरान भजन सामग्री प्राप्त करते समय भजन मंडलों के सदस्यों के चेहरे पर संतोष और खुशी के भाव देखने को मिले। कुछ मंडल सामग्री प्राप्त कर उत्साहपूर्वक विट्ठल नाम का गजर करते हुए कार्यक्रम स्थल से बाहर निकले। इस मौके पर भजन मंडलों की महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। साथ ही पूर्व नगरसेवक और नगरसेविकाओं ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।